akhbaar update

स्किन डॉक्टर का नंबर सर्च करना पड़ा महंगा, लिंक पर क्लिक करते ही खाते से उड़ गए 5 लाख रुपये

 


जबलपुर। गोरखपुर थाना क्षेत्र के हाथीताल कॉलोनी निवासी एक व्यक्ति साइबर ठगी का शिकार हो गया। स्किन डॉक्टर का मोबाइल नंबर इंटरनेट पर खोजने के दौरान मिले एक संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने के बाद उसके और उसकी पत्नी के बैंक खातों से करीब पांच लाख रुपये निकाल लिए गए। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, 51 वर्षीय राकेश कुमार गुप्ता अपनी पत्नी सविता गुप्ता की त्वचा संबंधी समस्या के इलाज के लिए मोबाइल पर स्किन विशेषज्ञ का नंबर खोज रहे थे। इस दौरान मिले एक नंबर पर उन्होंने संपर्क किया। कुछ देर बाद दूसरे मोबाइल नंबर से कॉल आया और 10 रुपये का भुगतान करने के लिए एक लिंक भेजी गई। राकेश ने लिंक पर क्लिक किया, लेकिन भुगतान सफल नहीं हुआ।

कुछ दिन बाद राकेश ने एक बीमा पॉलिसी के लिए यूपीआई के माध्यम से 16,500 रुपये का भुगतान किया। इसके बाद उनके और उनकी पत्नी के बैंक खातों से अलग-अलग ट्रांजेक्शन के जरिए कुल 4 लाख 94 हजार 601 रुपये निकाल लिए गए। जीमेल पर लगातार ट्रांजेक्शन के संदेश आने पर उन्हें ठगी का पता चला।

दो बैंक खातों से की गई धोखाधड़ी

पूछताछ में राकेश गुप्ता ने बताया कि उनका खाता एक्सिस बैंक की सतना शाखा में है, जबकि उनकी पत्नी सविता गुप्ता का खाता केनरा बैंक की मऊगंज शाखा में है। साइबर ठगों ने दोनों खातों से कुल 16 ट्रांजेक्शन कर करीब पांच लाख रुपये निकाल लिए।

गोरखपुर थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318(4) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस लोगों से अपील कर रही है कि इंटरनेट पर मिले अज्ञात लिंक पर क्लिक करने और किसी भी अनजान व्यक्ति के कहने पर ऑनलाइन भुगतान करने से बचें।

Post a Comment

Previous Post Next Post
akhbaar update
akhbaar update