जबलपुर। मध्य प्रदेश स्टेट बार काउंसिल चुनाव की मतगणना अंतिम चरण में पहुंच गई है। मतगणना के 24वें दिन सागर जिले के मतों की गिनती पूरी हुई। अब तक कुल 62 हजार मतों में से 47,860 मतों की गिनती हो चुकी है। इनमें 46,193 मत वैध पाए गए, जबकि 1,667 मत निरस्त किए गए।
सागर जिले की मतगणना पूरी होने के बाद जबलपुर के प्रत्याशी नित्यानंद मिश्रा को बड़ा फायदा हुआ है। वे 1,168 मतों के साथ टॉप-10 उम्मीदवारों में शामिल हो गए हैं। वर्तमान में वे सातवें स्थान पर हैं।
इंदौर के राकेश सिंह सबसे आगे
मतगणना में इंदौर के राकेश सिंह भदौरिया 2,717 मतों के साथ सबसे आगे चल रहे हैं। दूसरे स्थान पर विवेक सिंह 1,613 मतों के साथ हैं। आरके सिंह सैनी 1,554 मतों के साथ तीसरे स्थान पर हैं।
चौथे स्थान पर हितोषी जय हार्डिया 1,511 मतों के साथ हैं। वहीं अखिलेश कुमार सक्सेना 1,445 मतों के साथ पांचवें और नरेन्द्र कुमार जैन 1,418 मतों के साथ छठे स्थान पर हैं।
इसके बाद नित्यानंद मिश्रा 1,168 मतों के साथ सातवें स्थान पर हैं। गौरव मिश्रा 1,132 मतों के साथ आठवें, जितेन्द्र शर्मा 1,121 मतों के साथ नौवें और सुनील गुप्ता 1,017 मतों के साथ दसवें स्थान पर हैं।
मतगणना अंतिम दौर में
चुनाव की मतगणना मुख्य चुनाव अधिकारी सेवानिवृत्त न्यायमूर्ति एसके पालो, सहायक चुनाव अधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह बघेल और दीपक अवस्थी की निगरानी में जारी है। अधिकारियों के अनुसार मतगणना की प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से कराई जा रही है। अब तक की मतगणना के बाद कई प्रत्याशियों की स्थिति काफी हद तक स्पष्ट हो गई है। हालांकि अंतिम परिणाम के लिए बाकी मतों की गिनती पूरी होना जरूरी है। चुनाव परिणाम को लेकर प्रदेशभर के अधिवक्ताओं में उत्सुकता बनी हुई है।