दमोहनाका से डुमना नेचर पार्क तक विकास कार्यों का लिया जायजा, 15 सितंबर तक पौधारोपण पूरा करने के निर्देश
जबलपुर। नगर निगम आयुक्त राम प्रकाश अहिरवार ने वीआईपी गाड़ी और प्रोटोकॉल को छोड़कर सामान्य वाहन से अधिकारियों की टीम के साथ करीब पांच घंटे तक शहर का सघन दौरा किया। उन्होंने शहर के विभिन्न विकास कार्यों और योजनाओं का जमीनी स्तर पर निरीक्षण किया। निगमायुक्त की इस सादगी और कार्य के प्रति समर्पण से प्रशासनिक अमले और आम लोगों के बीच सकारात्मक संदेश गया।
मैराथन दौरे के दौरान निगमायुक्त ने दमोहनाका से लेकर आईएसबीटी, इलेक्ट्रिक वाहन चार्जिंग प्वाइंट, वेस्ट-टू-एनर्जी प्लांट और गार्डन लैंडफिल साइट का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों से मौके पर चल रहे कार्यों की जानकारी ली और जरूरी दिशा-निर्देश दिए।
हरियाली बढ़ाने पर जोर
निगमायुक्त ने सिविल लाइन, पचपेढ़ी और डुमना नेचर पार्क में चल रहे पौधारोपण कार्यों का भी जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शहर को हरा-भरा बनाने के लिए तय लक्ष्य के अनुसार विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाने का काम हर हाल में 15 सितंबर तक पूरा किया जाए।
उन्होंने कहा कि पौधारोपण के साथ लगाए गए पौधों की देखभाल और सुरक्षा पर भी विशेष ध्यान दिया जाए, ताकि शहर में हरियाली को स्थायी रूप से बढ़ाया जा सके।
चौराहों के सौंदर्यीकरण में तेजी के निर्देश
शहर की सुंदरता बढ़ाने के लिए विभिन्न चौराहों पर किए जा रहे सौंदर्यीकरण कार्यों का भी निगमायुक्त ने निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखने के साथ ही काम की गति बढ़ाने के निर्देश दिए।
पौराणिक थीम पर विकसित होंगी वाटिकाएं
शहरवासियों को प्रकृति और संस्कृति से जोड़ने के उद्देश्य से नगर निगम द्वारा पौराणिक थीम पर वाटिकाएं विकसित की जा रही हैं। महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू और निगमायुक्त राम प्रकाश अहिरवार के मार्गदर्शन में शहर में कहीं अशोक वाटिका, तो कहीं सीता वाटिका विकसित की जा रही है।
निगमायुक्त ने कहा कि इन वाटिकाओं से शहर के सौंदर्यीकरण को नया आयाम मिलेगा और लोगों को प्रकृति के साथ-साथ भारतीय संस्कृति से जुड़ने का अवसर भी मिलेगा। उन्होंने कहा कि 15 सितंबर की समय सीमा तय कर अधिकारियों की जवाबदेही सुनिश्चित की गई है। शहर को ग्रीन सिटी बनाने की दिशा में यह महत्वपूर्ण कदम है।
उन्होंने कहा कि अशोक वाटिका और सीता वाटिका जैसे सांस्कृतिक और प्राकृतिक कॉन्सेप्ट आने वाले समय में शहर के प्रमुख आकर्षण बन सकते हैं। निरीक्षण के दौरान नगर निगम के सभी संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।