जबलपुर। कोतवाली थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात एक जर्जर मकान अचानक भरभराकर गिर गया। हादसे में मकान के अंदर मौजूद तीन लोग मलबे में दब गए। सूचना मिलते ही पुलिस, नगर निगम की राहत टीम और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे तथा सभी घायलों को सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया।
जानकारी के अनुसार अंजलि समोसा के पीछे स्थित एक पुराना मकान अचानक ढह गया। मकान गिरते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए।
स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और नगर निगम को सूचना दी। इसके बाद राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया। काफी मशक्कत के बाद मलबे में दबे तीनों लोगों को बाहर निकालकर उपचार के लिए विक्टोरिया अस्पताल भेजा गया।
बताया जा रहा है कि मकान काफी समय से जर्जर हालत में था। हादसे के बाद पुलिस ने मौके को सुरक्षित कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं, आसपास के पुराने और कमजोर मकानों की भी जांच किए जाने की बात कही जा रही है।