जबलपुर। गोरखपुर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 71 बोतल और 24 पाव अंग्रेजी शराब जब्त की है। पुलिस की दबिश के दौरान दो आरोपी मौके से फरार हो गए, जिनकी तलाश की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर जिलेभर में अवैध शराब और नशीले पदार्थों के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जोन-2 पल्लवी शुक्ला और नगर पुलिस अधीक्षक गोरखपुर एम.डी. नागोतिया के मार्गदर्शन में गोरखपुर थाना पुलिस ने यह कार्रवाई की।
थाना प्रभारी नितिन कमल ने बताया कि 27 जुलाई की रात सूचना मिली थी कि गोरखपुर बाजार के लोधी मोहल्ला में असरानी डॉक्टर के पास वाली गली में मोनू सबलोक अपने एक साथी के साथ अवैध रूप से शराब बेचने के लिए बड़ी मात्रा में शराब रखे हुए है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर छापेमारी की। पुलिस को देखते ही दोनों आरोपी अपने बैग और थैले छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गए।
पुलिस ने मौके से बरामद बैग और थैलों की तलाशी ली, जिसमें अलग-अलग ब्रांड की कुल 71 बोतल और 24 पाव अंग्रेजी शराब मिली। पुलिस ने पूरी शराब जब्त कर ली।
फरार आरोपी मोनू सबलोक और उसके साथी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस दोनों आरोपियों की तलाश कर रही है।