akhbaar update

रील देखते समय क्लिक किया विज्ञापन, मोबाइल हुआ हैक, बुजुर्ग के खाते से ₹2.74 लाख उड़ाए

 


जबलपुर। अगर आप मोबाइल पर रील देखते हैं, तो सावधान हो जाइए। रील के बीच आने वाले किसी भी विज्ञापन या लिंक पर बिना सोचे-समझे क्लिक करना भारी पड़ सकता है। गढ़ा थाना क्षेत्र में ऐसा ही एक मामला सामने आया है, जहां एक बुजुर्ग के मोबाइल में एक संदिग्ध एप डाउनलोड हो गया और साइबर ठगों ने उनके बैंक खाते से ₹2.74 लाख निकाल लिए।

गढ़ा थाना पुलिस के अनुसार बीटी बंगला के पास रहने वाले अरुण कुमार श्रीवास्तव ने शिकायत दर्ज कराई है कि उनका खाता सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया में है। उन्होंने बताया कि 2 जून की शाम वह अपने मोबाइल पर फेसबुक में रील देख रहे थे। इसी दौरान रील के बीच एक एप का विज्ञापन आया, जिस पर गलती से क्लिक हो गया और एप मोबाइल में डाउनलोड हो गया।

कुछ दिन बाद उनके मोबाइल पर खाते से ₹97 हजार निकलने का संदेश आया। जब उन्होंने बैंक खाते की जानकारी देखी तो पता चला कि 7 जून को ₹80 हजार, 8 जून को ₹97 हजार और 9 जून को ₹97 हजार समेत कुल ₹2.74 लाख उनके खाते से निकाल लिए गए थे।

जांच में सामने आया कि मोबाइल में खतरनाक एपीके मैलवेयर डाउनलोड हो गया था, जिसके जरिए साइबर ठगों ने मोबाइल हैक कर लिया और बिना जानकारी के खाते से रकम दूसरे खाते में ट्रांसफर कर दी।

पीड़ित की शिकायत पर गढ़ा थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस लोगों से अपील कर रही है कि सोशल मीडिया पर आने वाले किसी भी अनजान विज्ञापन, लिंक या एप पर क्लिक करने से बचें और केवल भरोसेमंद स्रोतों से ही एप डाउनलोड करें।

Post a Comment

Previous Post Next Post
akhbaar update
akhbaar update
💬 WhatsApp