जबलपुर। मछरहाई मुख्य बाजार में बुधवार को एक पुरानी और जर्जर इमारत अचानक भरभराकर गिर गई। राहत की बात यह रही कि समय रहते इमारत के अंदर मौजूद सभी लोगों को बाहर निकाल लिया गया, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई और बड़ा हादसा टल गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार यह इमारत पतीन जैन की है, जहां पिछले कुछ दिनों से मरम्मत का काम चल रहा था। लगातार हो रही बारिश के कारण भवन की स्थिति और अधिक कमजोर हो गई थी।
स्थानीय लोगों ने बताया कि इमारत गिरने से कुछ मिनट पहले ही उसमें दरारें दिखाई देने लगी थीं। खतरे को देखते हुए अंदर मौजूद लोगों को तुरंत बाहर निकाल लिया गया। इसके कुछ ही मिनट बाद पूरी इमारत तेज आवाज के साथ ढह गई।
घटना के समय इमारत के निचले हिस्से और आसपास की दुकानें बंद थीं। एहतियात के तौर पर पूरे क्षेत्र को खाली करा लिया गया था। यदि समय रहते लोगों को बाहर नहीं निकाला जाता, तो बड़ा हादसा हो सकता था।
सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। सुरक्षा के मद्देनजर इलाके की घेराबंदी कर मलबा हटाने का कार्य शुरू कर दिया गया है।