जबलपुर। बरगी के समीप धूमा क्षेत्र में रिश्तेदार बनकर घर आए एक युवक ने मेजबान के घर से सोने-चांदी के जेवर चोरी कर लिए। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मोबाइल लोकेशन के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी गए जेवर बरामद कर लिए।
पुलिस के अनुसार धूमा निवासी शिवानी श्रीवास्तव के घर उनकी बुआ की देवरानी का बेटा शिवम उर्फ साहिल श्रीवास्तव (23) निवासी ग्राम लुठौती, मैहर मेहमान बनकर आया था। घर में रहने के दौरान उसने अलमारी के लॉकर से सोने-चांदी के जेवर चोरी कर लिए।
अगले दिन आरोपी ने पुणे जाने की बात कहकर घर छोड़ दिया। कुछ दिनों बाद जब शिवानी ने लॉकर खोला तो उसमें रखे सभी जेवर गायब मिले। परिवार ने पहले अपने स्तर पर तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद पुलिस में शिकायत दर्ज कराते हुए शिवम पर संदेह जताया गया।
पुलिस ने जांच के दौरान आरोपी के मोबाइल की लोकेशन ट्रेस की और उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने चोरी करना स्वीकार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी गए सोने-चांदी के जेवर भी बरामद कर लिए हैं। मामले में आगे की जांच जारी है।