जबलपुर। बढ़ती अग्नि दुर्घटनाओं को देखते हुए नगर निगम प्रशासन ने सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने वाले संस्थानों के खिलाफ सख्त कदम उठाने शुरू कर दिए हैं। निगमायुक्त रामप्रकाश अहिरवार के निर्देश पर नगर निगम की संयुक्त टीम ने विजय नगर और चेरीताल क्षेत्र में निरीक्षण अभियान चलाया, जिसमें गंभीर अनियमितताएं मिलने पर तीन प्रतिष्ठानों को सील कर दिया गया।
निरीक्षण दल में अग्निशमन विभाग, भवन शाखा, अतिक्रमण शाखा और बाजार विभाग के अधिकारी शामिल थे। टीम ने विजय नगर स्थित एसआर मॉल तथा चेरीताल क्षेत्र की बजाज एंटरप्राइजेज और पारस एजेंसी का निरीक्षण किया। जांच के दौरान अग्नि सुरक्षा संबंधी आवश्यक व्यवस्थाओं में भारी कमी पाई गई, जिसके बाद तीनों परिसरों को तत्काल प्रभाव से बंद करने की कार्रवाई की गई।
एसआर मॉल में सुरक्षा इंतजाम नाकाफी
निरीक्षण के दौरान पाया गया कि एसआर मॉल में लगी अग्निशमन प्रणालियां निष्क्रिय अवस्था में थीं। इसके अलावा भवन निर्माण स्वीकृति और लिफ्ट संचालन से जुड़े आवश्यक दस्तावेज भी उपलब्ध नहीं कराए गए। सार्वजनिक उपयोग के इस परिसर में सुरक्षा प्रबंधों की कमी को गंभीर मानते हुए प्रशासन ने मॉल के भीतर संचालित एसआर सिनेमा, फूड कोर्ट और रिलायंस स्मार्ट स्टोर को भी बंद करा दिया।
नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि सभी आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने और सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने के बाद ही मॉल को दोबारा संचालन की अनुमति दी जाएगी।
रिहायशी क्षेत्र में ज्वलनशील सामग्री का भंडारण
चेरीताल स्थित सरस्वती कॉलोनी में संचालित बजाज एंटरप्राइजेज और पारस एजेंसी में भी कई खामियां सामने आईं। जांच में आग से बचाव के पर्याप्त संसाधन नहीं मिले, जबकि भवन संबंधी वैध दस्तावेज भी अनुपलब्ध पाए गए। इसके अलावा रिहायशी इलाके में बड़ी मात्रा में ज्वलनशील सामग्री का भंडारण और असुरक्षित विद्युत व्यवस्था जनसुरक्षा के लिए गंभीर खतरा मानी गई।
नगर निगम प्रशासन का कहना है कि शहर में सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने वाले संस्थानों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।