भोपाल। राजधानी भोपाल के ऐशबाग थाना क्षेत्र स्थित सुदामा नगर में एक बंद मकान से रेलवे और स्वास्थ्य विभाग से सेवानिवृत्त दंपती के शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। दो दिनों तक घर से कोई गतिविधि नहीं होने और तेज दुर्गंध आने पर किराएदार छात्रों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद मामले का खुलासा हुआ।
मृतकों की पहचान हेमंत बारीक (64) और उनकी पत्नी शकुंतला बारीक (62) के रूप में हुई है। हेमंत बारीक रेलवे विभाग से सेवानिवृत्त कर्मचारी थे, जबकि शकुंतला बारीक कस्तूरबा अस्पताल में नर्स के पद से रिटायर हुई थीं।
दंपती अकेले रहते थे, बेटा विदेश में
पुलिस के अनुसार, दंपती मकान में अकेले रहते थे। मकान के एक हिस्से में छात्र किराए पर रह रहे थे। उनका बेटा विदेश में अपने परिवार के साथ निवास करता है, जिसे घटना की सूचना दे दी गई है। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।
दुर्गंध आने पर छात्रों ने दी सूचना
किराएदार छात्रों ने बताया कि पिछले दो दिनों से दंपती घर से बाहर दिखाई नहीं दिए थे। शुक्रवार को मकान से तेज दुर्गंध आने लगी, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया, जहां दोनों मृत अवस्था में मिले।
प्रारंभिक जांच में आत्महत्या की आशंका
पुलिस की शुरुआती जांच में घर के भीतर जबरन प्रवेश या संघर्ष के कोई स्पष्ट निशान नहीं मिले हैं। अधिकारियों का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या से जुड़ा प्रतीत हो रहा है, लेकिन मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और एफएसएल जांच के बाद ही हो सकेगी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।