akhbaar update

कॉलेज बैग में छिपाकर हो रही थी गांजा तस्करी, नाबालिग समेत चार गिरफ्तार

 




जबलपुर। नशा मुक्त मध्य प्रदेश अभियान के तहत जबलपुर पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक नाबालिग सहित चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है। आरोपित कॉलेज बैग और प्लास्टिक की बोरी में गांजा छिपाकर उसकी तस्करी कर रहे थे। पुलिस ने उनके कब्जे से 14 किलो 572 ग्राम गांजा और बिना नंबर की दो मोपेड जब्त की हैं।

गिरफ्तार आरोपितों में एक 17 वर्षीय किशोर, सतना जिले के नागौद थाना क्षेत्र के ग्राम पुरताल निवासी दिशांत सिंह परिहार (21), सिवनी जिले के केवलारी क्षेत्र के ग्राम चौरापाठा निवासी अंशुल राय (21) तथा ग्राम मोहगांव निवासी नवीन झारिया (21) शामिल हैं।

दाऊ मैरिज गार्डन के पास पुलिस ने घेरा

आधारताल थाना पुलिस गुरुवार को एक अन्य मामले की जांच के दौरान करौंदा बायपास स्थित दाऊ मैरिज गार्डन के आगे कटनी-जबलपुर मार्ग पर पहुंची थी। इसी दौरान बिना नंबर की दो मोपेड के पास चार युवक संदिग्ध अवस्था में बैठे दिखाई दिए। पुलिस को देखते ही सभी भागने लगे, लेकिन घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया गया।

बैग और बोरी से बरामद हुआ गांजा

तलाशी के दौरान एक कॉलेज बैग से 5 किलो 260 ग्राम, प्लास्टिक की बोरी से 6 किलो 112 ग्राम और दूसरे कॉलेज बैग से 3 किलो 200 ग्राम गांजा बरामद हुआ। कुल 14 किलो 572 ग्राम मादक पदार्थ जब्त किया गया।

सतना से लाई गई थी खेप

पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि वे सतना जिले के अमदरा निवासी पवन बागरी से गांजा लेकर जबलपुर पहुंचे थे। यहां यह खेप सिवनी के अंशुल राय और नवीन झारिया को सौंपी जानी थी, जो इसे आगे बेचने का काम करते थे। पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार सप्लायर पवन बागरी की तलाश शुरू कर दी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
akhbaar update
akhbaar update