akhbaar update

जबलपुर में चार हिस्ट्रीशीटर पुलिस की निगरानी में, नियमित थाने में हाजिरी होगी अनिवार्य

 




जबलपुर। कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने चार आदतन अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की है। जिला दंडाधिकारी एवं कलेक्टर राघवेन्द्र सिंह ने राज्य सुरक्षा अधिनियम के तहत आदेश जारी करते हुए इन आरोपियों को निर्धारित अवधि तक संबंधित थानों में नियमित रूप से हाजिरी देने के निर्देश दिए हैं।

पुलिस अधीक्षक की अनुशंसा पर जारी आदेश के मुताबिक, आधारताल क्षेत्र के जगदंबा कॉलोनी निवासी लकी गोटिया और गोरखपुर के हाथीताल कॉलोनी निवासी कबीर यादव को आगामी चार माह तक प्रत्येक महीने की 15 एवं 25 तारीख को थाने पहुंचकर अपनी उपस्थिति दर्ज करानी होगी। वहीं गोहलपुर के बंधैया मोहल्ला निवासी गगन यादव और कटंगी के ईदगाह मोहल्ला निवासी अरबाज मंसूरी को तीन माह तक हर महीने की 25 तारीख को थाने में हाजिर होना अनिवार्य किया गया है।

अपराधों की लंबी फेहरिस्त

इन चारों के खिलाफ विभिन्न थानों में मारपीट, लूट, अवैध हथियार रखने, चाकूबाजी, हत्या के प्रयास, धमकी देने, तोड़फोड़, बलवा और जुआ-सट्टा जैसे कई गंभीर मामले दर्ज हैं। प्रशासन का मानना है कि इस कदम से इनके आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी।

अनुपस्थित रहने पर होगी कार्रवाई

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि तय तिथियों पर थाने में उपस्थित नहीं होने की स्थिति में संबंधित आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कदम उठाए जाएंगे। पुलिस इन सभी की गतिविधियों पर लगातार नजर बनाए हुए है, ताकि क्षेत्र में शांति और सुरक्षा का माहौल कायम रखा जा सके।

Post a Comment

Previous Post Next Post
akhbaar update
akhbaar update