जबलपुर। कटंगा स्थित स्वामी विवेकानंद हायर सेकेंडरी स्कूल में हिंदी मीडियम की कक्षाएं बंद करने के फैसले को लेकर बुधवार को अभिभावकों का गुस्सा फूट पड़ा। बड़ी संख्या में अभिभावक स्कूल पहुंचे और प्रबंधन के इस निर्णय का विरोध जताते हुए बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ न करने की मांग की।
अभिभावकों का कहना है कि नया शैक्षणिक सत्र शुरू होने से पहले ही बच्चों की किताबें खरीदी जा चुकी हैं और यूनिफॉर्म सहित अन्य तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। ऐसे में अचानक बच्चों को दूसरे स्कूल में भेजने या टीसी लेने का फैसला उनके लिए आर्थिक और मानसिक परेशानी खड़ी करेगा।
जानकारी के अनुसार, केंट बोर्ड के अंतर्गत आने वाले कटंगा स्थित स्वामी विवेकानंद हायर सेकेंडरी स्कूल प्रबंधन ने कक्षा 6वीं से 9वीं तक के हिंदी मीडियम के छात्रों को लाल स्कूल और गोराबाजार स्थित स्कूल में स्थानांतरित करने या टीसी लेने की बात कही थी। इस फैसले के बाद अभिभावकों में नाराजगी बढ़ गई।
जय महाकाल संघ अंतरराष्ट्रीय बजरंग दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष कन्हैया रामकृष्ण तिवारी ने चेतावनी देते हुए कहा कि गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों के बच्चों के भविष्य से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यदि फैसला वापस नहीं लिया गया तो धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।
विरोध बढ़ने पर स्कूल अधिकारियों ने अभिभावकों को आश्वासन दिया कि बच्चों के हितों को ध्यान में रखते हुए उचित निर्णय लिया जाएगा। इसके बाद अभिभावकों का आक्रोश शांत हुआ।
अभिभावकों ने बताया कि अप्रैल माह में ही बच्चों के सीबीएसई फॉर्म भरवाए जा चुके हैं और हजारों रुपये की किताबें भी खरीदी जा चुकी हैं। ऐसे में अचानक लिया गया निर्णय उनके लिए परेशानी का कारण बन गया है।