जबलपुर। संजीवनी नगर थाना क्षेत्र में मेडिकल कॉलेज के एक डॉक्टर के साथ टेलीग्राम ऐप के जरिए ऑनलाइन ठगी का मामला सामने आया है। साइबर ठगों ने ज्यादा कमाई का लालच देकर डॉक्टर से एक लाख 23 हजार 462 रुपये अलग-अलग ट्रांजेक्शन के माध्यम से ठग लिए।
पुलिस के अनुसार, संजीवनी नगर निवासी 30 वर्षीय डॉ. संदीप कुमार यादव मेडिकल कॉलेज जबलपुर के कैंसर विभाग में पदस्थ हैं। उनके टेलीग्राम अकाउंट पर तन्वी जोशी नाम की यूजर आईडी से मैसेज आया, जिसमें टास्क पूरा करने के बदले पैसे देने का लालच दिया गया। इसके बाद उन्हें एक टेलीग्राम ग्रुप में जोड़ दिया गया।
शुरुआत में डॉक्टर द्वारा टास्क पूरा करने पर कमीशन के तौर पर 100 रुपये दिए गए। इसके बाद आरोपियों ने अधिक मुनाफा और ज्यादा पैसे कमाने का लालच देकर उनसे निवेश करने को कहा।
ठगों के कहने पर डॉ. यादव ने 29 और 30 मई 2026 को दिए गए लिंक और बैंक खातों में यूपीआई के माध्यम से कुल आठ ट्रांजेक्शन कर 1 लाख 23 हजार 462 रुपये जमा कर दिए। बाद में जब आरोपियों ने उनसे 55 हजार रुपये और मांगने शुरू किए तो उन्हें ठगी का अहसास हुआ।
पीड़ित की शिकायत पर संजीवनी नगर थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।