जबलपुर। शहपुरा थाना क्षेत्र में गुरु कृपा पेट्रोल पंप के सामने तेज रफ्तार ट्रक ने मोटर साइकिल को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक पर पीछे बैठे 40 वर्षीय व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार चौकीताल निवासी 32 वर्षीय सुरेंद्र ठाकुर ने बताया कि 23 जून को वह अपने रिश्तेदार राजेश गौड़ और अनिल गौड़ के साथ मोटर साइकिल क्रमांक एमपी 20 एनएम 6113 से बिलपठार में टाइल्स और मार्बल का काम करने गया था। काम खत्म करने के बाद तीनों शाम करीब 7:15 बजे मोटर साइकिल से अपने गांव नटवारा लौट रहे थे।
जैसे ही वे शहपुरा स्थित गुरु कृपा पेट्रोल पंप के पास पहुंचे, तभी नटवारा की ओर से आ रहे ट्रक क्रमांक एमपी 20 जेडएन 9638 के चालक ने तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाते हुए बाइक को टक्कर मार दी।
हादसा इतना भीषण था कि पीछे बैठे अनिल गौड़ (40) निवासी नटवारा के सिर के ऊपर से ट्रक का पहिया गुजर गया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।
पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।