akhbaar update

घर में डेरा जमाए रही कोबरा नागिन, रेस्क्यू के बाद जंगल में छोड़ा गया

 

 

जबलपुर। भेड़ाघाट थाना क्षेत्र के ग्राम सिहौदा में एक परिवार चार दिनों तक कोबरा नागिन की मौजूदगी से दहशत में रहा। करीब चार फीट लंबी नागिन घर के अलग-अलग हिस्सों में दिखाई देती रही, जिससे परिवार के सदस्य भय के साए में रहने को मजबूर हो गए।

जानकारी के अनुसार, ग्राम सिहौदा निवासी रमेश भुमिया के घर में घुसी कोबरा नागिन कभी रसोईघर में तो कभी टीवी सेट के ऊपर फन फैलाए बैठी नजर आती थी। कई बार वह स्नानघर में भी दिखाई दी, जिससे परिवार के लोग लगातार डर और चिंता में रहे।

रविवार शाम करीब साढ़े पांच बजे नागिन घर में रखे गेहूं के बोरों के बीच बैठी दिखाई दी। इसके बाद परिवार ने तत्काल सर्प विशेषज्ञ गजेन्द्र दुबे को सूचना दी। मौके पर पहुंचे गजेन्द्र दुबे ने सावधानीपूर्वक रेस्क्यू अभियान चलाकर नागिन को सुरक्षित पकड़ लिया और बाद में उसे प्राकृतिक आवास में छोड़ दिया।

सर्प विशेषज्ञ गजेन्द्र दुबे ने बताया कि पकड़ी गई नागिन कोबरा प्रजाति की थी, जिसे अत्यंत विषैला और आक्रामक माना जाता है। इस प्रजाति के सांप के जहर में न्यूरोटॉक्सिन पाया जाता है, जो मानव तंत्रिका तंत्र को प्रभावित करता है। समय पर उपचार नहीं मिलने की स्थिति में सर्पदंश जानलेवा साबित हो सकता है।

उन्होंने लोगों से अपील की कि घर या आसपास सांप दिखाई देने पर उसे पकड़ने या मारने का प्रयास न करें, बल्कि तुरंत प्रशिक्षित सर्प विशेषज्ञ या वन विभाग को सूचना दें। नागिन के सुरक्षित रेस्क्यू के बाद परिवार ने राहत की सांस ली।

Post a Comment

Previous Post Next Post
akhbaar update
akhbaar update