akhbaar update

राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में तेज हुई जांच, चंपत राय से घंटों पूछताछ, बैंक अधिकारियों पर भी शिकंजा

 


अयोध्या। राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले की जांच तेज हो गई है। इस कड़ी में पुलिस ने श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय से पूछताछ कर उनके बयान दर्ज किए हैं। बंद कमरे में घंटों चली पूछताछ के दौरान चढ़ावे की गिनती, सुरक्षा व्यवस्था, दान संग्रह और बैंक में राशि जमा करने की प्रक्रिया से जुड़े कई सवाल पूछे गए।

सूत्रों के अनुसार, जांच एजेंसियों ने ट्रस्ट के अन्य पदाधिकारियों और कर्मचारियों के भी बयान दर्ज किए हैं। पुलिस चढ़ावे के संग्रहण से लेकर उसकी गिनती और बैंक में जमा किए जाने तक की पूरी प्रक्रिया की बारीकी से जांच कर रही है। मामले में जल्द ही बैंक अधिकारियों समेत अन्य संबंधित लोगों से भी पूछताछ की जा सकती है।

इसी बीच पुलिस की एक टीम स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की अयोध्या धाम शाखा पहुंची, जहां राम मंदिर ट्रस्ट का खाता संचालित होता है। जांच के दौरान पुलिस ने बैंक से जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेज अपने कब्जे में लिए हैं। जानकारी के अनुसार, बैंक के दो कर्मचारी रत्नेश चतुर्वेदी और गगनदीप आउटसोर्सिंग कर्मचारियों की निगरानी के लिए नियुक्त थे।

गौरतलब है कि इस मामले में गिरफ्तार किए गए आरोपियों में छह लोग बैंक के आउटसोर्सिंग कर्मचारी बताए जा रहे हैं, जो चढ़ावे की गिनती और उसे बैंक में जमा कराने की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। इनमें अनुकल्प मिश्रा, लवकुश मिश्रा, मनीष यादव और रमाशंकर सहित अन्य के नाम सामने आए हैं।

चढ़ावा चोरी प्रकरण सामने आने के बाद से ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय और पदाधिकारी अनिल मिश्रा सवालों के घेरे में रहे हैं। सूत्रों के मुताबिक, मामले में बढ़ते दबाव के बीच दोनों पदाधिकारियों से इस्तीफा मांगा गया था। बताया जा रहा है कि काफी दबाव बनने के बाद इस्तीफे सौंपे गए, जिन पर ट्रस्ट की अगली बैठक में चर्चा की जाएगी। ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष गोविंद देव गिरी ने इस संबंध में पत्र जारी कर इसकी पुष्टि की है।

मामले में कार्रवाई में हुई देरी को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। आरोप है कि पहले मामले को दबाने का प्रयास किया गया, बाद में विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन हुआ और करीब 20 दिन बाद एफआईआर दर्ज की गई। वहीं, इस्तीफों पर अंतिम निर्णय भी 11 जुलाई को प्रस्तावित बैठक में लिया जाना है। ऐसे में मामले को लेकर कई तरह की चर्चाएं और सवाल सामने आ रहे हैं।

फिलहाल पुलिस और जांच एजेंसियां पूरे प्रकरण की तह तक पहुंचने के प्रयास में जुटी हैं और आने वाले दिनों में कई और महत्वपूर्ण खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
akhbaar update
akhbaar update