akhbaar update

मध्य प्रदेश में मानसून ने पकड़ी रफ्तार: 47 जिलों में बारिश का अलर्ट, कई इलाकों में भारी वर्षा की चेतावनी

 



भोपाल। मध्य प्रदेश में मानसून की गतिविधियां तेज हो गई हैं। मौसम विभाग ने 29 जून से 3 जुलाई तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान जताया है। सोमवार को प्रदेश के 47 जिलों में हल्की से मध्यम बारिश, तेज हवाओं और कुछ स्थानों पर भारी वर्षा को लेकर ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया गया है।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार वर्तमान में पश्चिमी विक्षोभ, ट्रफ लाइन और चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय हैं, जिसके कारण प्रदेश में व्यापक वर्षा की स्थिति बनी हुई है। वहीं 2 जुलाई से एक नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित कर सकता है, जिससे बारिश की गतिविधियों में और बढ़ोतरी होने की संभावना है।

रविवार को मंदसौर, रतलाम, गुना, श्योपुर, बड़वानी, शाजापुर, सीहोर, उज्जैन और छतरपुर सहित कई जिलों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। वहीं नौगांव प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 40.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। ग्वालियर में 40.2 डिग्री, जबलपुर में 38.3 डिग्री, भोपाल में 34.6 डिग्री, इंदौर में 33.8 डिग्री और उज्जैन में 33.5 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।

मौसम केंद्र भोपाल के अनुसार अगले दो से तीन दिनों के दौरान दक्षिण-पश्चिम मानसून के मध्य प्रदेश के शेष हिस्सों में आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं। जुलाई के पहले सप्ताह तक मानसून के भोपाल, उज्जैन, ग्वालियर-चंबल, सागर, रीवा और शहडोल संभाग के अधिकांश क्षेत्रों में सक्रिय होने की संभावना है।

मौसम विभाग ने भोपाल, इंदौर, रायसेन, सीहोर, राजगढ़, विदिशा, धार, झाबुआ, बुरहानपुर, बड़वानी, खंडवा, खरगोन, रतलाम, शाजापुर, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, ग्वालियर, शिवपुरी, गुना, अशोकनगर, जबलपुर, कटनी, नरसिंहपुर, सिवनी, डिंडौरी, रीवा, सतना, सीधी, सिंगरौली, शहडोल, सागर, पन्ना, दमोह, छतरपुर और टीकमगढ़ समेत कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश की चेतावनी जारी की है।

वहीं उज्जैन, देवास, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, मंडला और बालाघाट जिलों के लिए भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन क्षेत्रों में 24 घंटे के दौरान चार इंच या उससे अधिक वर्षा होने की संभावना जताई गई है। साथ ही कई स्थानों पर 40 से 50 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जबकि कुछ इलाकों में हवा की गति 60 किलोमीटर प्रतिघंटा तक पहुंचने का अनुमान है।

आंकड़ों के अनुसार 1 से 28 जून के बीच प्रदेश में सामान्य से करीब 38 प्रतिशत कम वर्षा दर्ज की गई है। इस अवधि में प्रदेश में औसतन 116.3 मिलीमीटर बारिश होनी चाहिए थी, जबकि अब तक केवल 71.7 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई है। पूर्वी मध्य प्रदेश में सामान्य से 67 प्रतिशत और पश्चिमी मध्य प्रदेश में 10 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है।

मौसम विभाग ने नागरिकों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने, बिजली गिरने और तेज हवाओं के समय सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
akhbaar update
akhbaar update