जबलपुर। घमापुर थाना क्षेत्र की एक युवती ने एक युवक पर फर्जी हिंदू नाम से सोशल मीडिया पर दोस्ती करने, शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण करने तथा जबरन धर्म परिवर्तन कराने के गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता के अनुसार, नवंबर 2022 में उसकी सोशल मीडिया के माध्यम से अंकित नाम के युवक से पहचान हुई थी। बातचीत बढ़ने पर युवक ने खुद को हिंदू बताकर उसका विश्वास जीता। बाद में युवती को पता चला कि युवक का वास्तविक नाम नेक अली खान है और उसने सोशल मीडिया पर कथित तौर पर फर्जी हिंदू पहचान बनाई थी।
युवती का आरोप है कि आरोपी ने विवाह का भरोसा देकर लंबे समय तक उसके साथ संबंध बनाए। जून 2023 में वह उसे मुंबई के कल्याण क्षेत्र लेकर गया, जहां एक मौलवी की मौजूदगी में जबरन धर्म परिवर्तन कराने का प्रयास किया गया। पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि उस पर उसकी इच्छा के विरुद्ध गोमांस खाने का दबाव बनाया गया।
युवती ने नेक अली खान और उसके पिता शौकत खान पर उसे पांच लाख रुपये में बेचने का आरोप भी लगाया है। शिकायत के अनुसार, उसे एक होटल में बंधक बनाकर रखा गया और प्रताड़ित किया गया। किसी तरह आरोपियों के चंगुल से निकलने के बाद वह 23 जून को जबलपुर पहुंची और स्वजनों को पूरी घटना की जानकारी दी।
मामले की जानकारी सामने आने के बाद रविवार को हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता पीड़िता के साथ घमापुर थाने पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। इस दौरान संगठन के पदाधिकारियों ने ज्ञापन सौंपकर शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की।