जबलपुर में फर्जी जॉब कैंपस के नाम पर छात्रों से ठगी का आरोप, 23 युवाओं ने पुलिस से लगाई गुहार
जबलपुर। आईटीआई के कई छात्रों ने संस्थान के संचालक पर कथित रूप से भर्ती प्रक्रिया से जुड़े लोगों के नाम पर नौकरी दिलाने के बहाने हजारों रुपये लेने का आरोप लगाया है। छात्रों का कहना है कि उन्हें रोजगार दिलाने का भरोसा देकर आर्थिक रूप से ठगा गया। मामले में पीड़ित छात्रों ने पुलिस से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत के अनुसार, आईटीआई की ओर से 8 जून को छात्रों को सूचना दी गई थी कि 11 जून को एशियन इंस्टीट्यूट ऑफ होटल मैनेजमेंट में कैंपस प्लेसमेंट आयोजित किया जाएगा। छात्रों को बताया गया था कि चयनित अभ्यर्थियों को करीब 28 हजार रुपये मासिक वेतन और बेहतर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे।
आरोप है कि कैंपस में चयन के बाद छात्रों से अलग-अलग मदों के नाम पर 6 से 6.5 हजार रुपये जमा कराए गए। छात्रों का कहना है कि भर्ती प्रक्रिया पूरी होने के बाद उन्हें किसी प्रकार की नौकरी नहीं मिली और न ही जमा की गई राशि वापस की गई।
पीड़ित छात्रों ने आरोप लगाया कि संस्थान की ओर से उन्हें लगातार आश्वासन दिया जाता रहा, लेकिन समय बीतने के बावजूद रोजगार नहीं मिला। इसके बाद छात्रों ने पुलिस से शिकायत कर मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के विरुद्ध धोखाधड़ी का प्रकरण दर्ज करने की मांग की है।