जबलपुर। शासकीय रेल पुलिस (जीआरपी) ने वाहन लूट के एक मामले का खुलासा करते हुए शातिर आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से लूटी गई मोटरसाइकिल बरामद की है। कार्रवाई रेल पुलिस अधीक्षक जबलपुर सुन्दर सिंह कनेश के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रेल जबलपुर भावना मरावी एवं उप पुलिस अधीक्षक रेल कटनी के मार्गदर्शन में जीआरपी चौकी सतना पुलिस द्वारा की गई।
जीआरपी के अनुसार फरियादी आकाश चौधरी निवासी बगहा ने शिकायत दर्ज कराई थी कि मालगोदाम कार्यालय के सामने खड़ी उसकी हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (क्रमांक एमपी 19 जेडडी 4967) को एक अज्ञात युवक जबरन छीनकर फरार हो गया था। शिकायत के आधार पर चौकी सतना में अपराध क्रमांक 097/26 धारा 309(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए जीआरपी चौकी प्रभारी ने विशेष टीम गठित की। मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर पुलिस ने रेलवे कॉलोनी सतना में घेराबंदी कर आरोपी मनीष मिश्रा (26) निवासी ग्राम चौधरी, थाना सिंहपुर, जिला सतना को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से करीब 1.10 लाख रुपये कीमत की लूटी गई मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली गई।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी आदतन अपराधी है और उसके विरुद्ध विभिन्न थानों में पहले से भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस अब आरोपी के आपराधिक रिकॉर्ड की विस्तृत जानकारी जुटाने में लगी हुई है।
इस कार्रवाई में जीआरपी चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक राजेश राज के नेतृत्व में प्रधान आरक्षक दयाचंद तिवारी, आरक्षक गौरव सिंह और आरक्षक प्रशांत यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही। वरिष्ठ अधिकारियों ने टीम की सराहना की है।