akhbaar update

जबलपुर में झुमकी लूटने वाले गिरोह का पर्दाफाश: दो बाल अपचारी समेत चार गिरफ्तार, 6 वारदातों का खुलासा

 



जबलपुर। क्राइम ब्रांच और अधारताल थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में महिलाओं के कानों से झुमकी लूटने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो विधि-विवादित बालकों सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के कब्जे से छह सोने की झुमकियां और वारदातों में इस्तेमाल की गई चोरी की मोटरसाइकिल जब्त की गई है। जब्त संपत्ति की कुल कीमत करीब 8 लाख रुपये बताई गई है।

गिरफ्तार आरोपियों में हिमांशू केवट (21) निवासी यादव कॉलोनी, लार्डगंज, संतोष कोरी (25) निवासी ग्राम छत्तरपुर, पनागर तथा दो 17 वर्षीय विधि-विवादित बालक शामिल हैं।

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपियों ने समदड़िया मॉल की पार्किंग से चोरी की गई आर-01-05 मोटरसाइकिल का इस्तेमाल कर शहर के विभिन्न थाना क्षेत्रों में महिलाओं को निशाना बनाया। आरोपी सुनसान और हाईवे से जुड़े मार्गों पर महिलाओं के कानों से सोने की झुमकियां झपटकर फरार हो जाते थे।



गिरोह ने अधारताल, बरगी, तिलवारा, माढ़ोताल और पनागर थाना क्षेत्रों में झपटमारी की आधा दर्जन वारदातों को अंजाम दिया। कई मामलों में झुमकी छीनने के दौरान महिलाओं के कान तक फट गए और उन्हें चोटें आईं।

पूछताछ में आरोपियों ने थाना ओमती क्षेत्र से मोटरसाइकिल चोरी करने के साथ ही छह झपटमारी की घटनाओं में शामिल होना स्वीकार किया। पुलिस ने उनके कब्जे से छीनी गई छह झुमकियां और चोरी की मोटरसाइकिल बरामद कर ली है।



पुलिस अधीक्षक जबलपुर सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अपराध जितेन्द्र सिंह, नगर पुलिस अधीक्षक अधारताल राजेश्वरी कौरव तथा उप पुलिस अधीक्षक अपराध उदयभान बागरी के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित की गई थी। टीम ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले तलाश शुरू की।

28 जून को क्राइम ब्रांच और अधारताल पुलिस की संयुक्त टीम ने आनंद नगर क्षेत्र में घेराबंदी कर नीले रंग की मोटरसाइकिल पर सवार दो युवकों को पकड़ा। पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने चोरी की बाइक से झपटमारी की वारदातें करना स्वीकार कर लिया। इसके बाद दो नाबालिग साथियों को भी अभिरक्षा में लिया गया।

चारों आरोपियों को अधारताल, बरगी, तिलवारा, माढ़ोताल, पनागर और ओमती थाना क्षेत्रों में दर्ज सात अलग-अलग प्रकरणों में विधिवत गिरफ्तार किया गया है। पुलिस अब आरोपियों से अन्य वारदातों के संबंध में भी पूछताछ कर रही है।


Post a Comment

Previous Post Next Post
akhbaar update
akhbaar update