akhbaar update

अहमदाबाद-गोरखपुर एक्सप्रेस के एसी कोच से महिला लापता, दमोह के पास मिली आखिरी लोकेशन

 



जबलपुर। अहमदाबाद से गोरखपुर जा रही 19489 एक्सप्रेस ट्रेन के एसी कोच से एक विवाहित महिला के अचानक लापता हो जाने से हड़कंप मच गया है। महिला की पहचान अंजलि यादव के रूप में हुई है, जो अपने पिता अशोक यादव और चार बच्चों के साथ यात्रा कर रही थी। यात्रा के दौरान अंजलि अचानक अपनी सीट से गायब हो गई, जिसके बाद परिजनों ने ट्रेन में उसकी काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला।

मामले की शिकायत कटनी रेलवे स्टेशन पर दर्ज कराई गई है। प्रारंभिक जांच में महिला की आखिरी लोकेशन दमोह स्टेशन के आसपास मिली है, जिसके बाद पुलिस ने जांच का दायरा बढ़ा दिया है। जीआरपी और रेलवे पुलिस लगातार सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है तथा यात्रियों से पूछताछ कर रही है, लेकिन अब तक कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लग पाया है।

दमोह स्टेशन के पास मिली आखिरी लोकेशन

पुलिस जांच में अब तक सामने आया है कि यात्रा के दौरान अंजलि यादव अचानक अपने पिता की नजरों से ओझल हो गई। पिता अशोक यादव ने जब उसे सीट पर नहीं पाया तो परिजनों में हड़कंप मच गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए कटनी जीआरपी ने तत्काल जांच शुरू की और मैहर रेलवे स्टेशन के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, लेकिन वहां से कोई जानकारी नहीं मिली। इसके बाद सागर और दमोह समेत अन्य रेलवे स्टेशनों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।

जीआरपी के अनुसार, महिला की आखिरी लोकेशन दमोह स्टेशन के पास ट्रेस हुई है। इसी के आधार पर आगे की कार्रवाई के लिए प्रकरण की डायरी दमोह भेजी जाएगी। जीआरपी की टीमें अलग-अलग रेलवे स्टेशनों पर लगातार तलाशी अभियान चला रही हैं।

सभी पहलुओं से जांच में जुटी पुलिस

रेल पुलिस अधीक्षक जबलपुर सुरेंद्र सिंह कनेश के अनुसार, घटना की रिपोर्ट महिला के पिता द्वारा जीआरपी में दर्ज कराई गई है। महिला की तलाश के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं और तकनीकी माध्यमों की मदद से उसकी लोकेशन का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।

पुलिस का कहना है कि महिला के अचानक लापता होने के पीछे के कारणों की जांच की जा रही है। फिलहाल मामले में किसी भी संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता और जांच के बाद ही पूरे घटनाक्रम का खुलासा हो सकेगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post
akhbaar update
akhbaar update