जबलपुर। पाटन क्षेत्र से लगे तेंदूखेड़ा बस स्टैंड में महज 50 रुपये के किराए के विवाद ने खूनी रूप ले लिया। फल विक्रेता ने हाथ ठेला मालिक 25 वर्षीय अतुल अहिरवार पर चाकू से हमला कर उसकी हत्या कर दी। भीड़भाड़ वाले बाजार में हुई इस वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई।
जानकारी के अनुसार तेंदूखेड़ा बस स्टैंड पर साप्ताहिक बाजार के चलते काफी भीड़ थी। अतुल अहिरवार ने अपना हाथ ठेला बाहर से आए एक फल विक्रेता को किराए पर दिया था। रात करीब 10 बजे जब अतुल किराया लेने पहुंचा तो फल विक्रेता ने 50 रुपये फेंककर दे दिए। इस बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी और गाली-गलौज शुरू हो गई।
विवाद बढ़ने पर आरोपी फल विक्रेता ने चाकू निकालकर अतुल के सीने पर कई वार कर दिए। गंभीर रूप से घायल अतुल सड़क पर गिर पड़ा। घटना के बाद बाजार में अफरा-तफरी मच गई और आरोपी मौके से फरार हो गया।
स्थानीय लोगों ने घायल युवक को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और आरोपी की तलाश शुरू कर दी।
घटना से गुस्साए लोगों ने जबलपुर-दमोह मार्ग पर प्रदर्शन करते हुए चक्काजाम कर दिया, जिससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। पुलिस अधिकारियों ने लोगों को जल्द आरोपी की गिरफ्तारी का आश्वासन देकर स्थिति को शांत कराया।