कांकेर। छत्तीसगढ़ के कांकेर और नारायणपुर जिले की सीमा पर डी-माइनिंग ऑपरेशन के दौरान बड़ा हादसा हो गया। नक्सलियों द्वारा लगाए गए आईईडी में ब्लास्ट होने से डीआरजी के 3 जवान शहीद हो गए, जबकि एक जवान गंभीर रूप से घायल हो गया है। घायल जवान को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।
जानकारी के अनुसार यह घटना छोटेबेठिया थाना क्षेत्र के वन इलाके में हुई, जहां डीआरजी की टीम नक्सलियों द्वारा बिछाई गई बारूदी सुरंगों को खोजकर निष्क्रिय करने के अभियान पर निकली थी। इसी दौरान अचानक आईईडी ब्लास्ट हो गया और जवान इसकी चपेट में आ गए।
घटना के बाद पूरे इलाके में सुरक्षा बलों को अलर्ट कर दिया गया है और सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया गया है। शहीद जवानों की खबर से पूरे प्रदेश में शोक का माहौल है।