akhbaar update

शौक पूरे करने के लिए करते थे चोरी, तीन सदस्यीय गिरोह गिरफ्तार; चोरी के पैसों से खरीदी महंगी बाइक




 जबलपुर। संजीवनी नगर पुलिस ने सूने मकानों में चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले तीन सदस्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। गिरफ्तार आरोपियों में एक नाबालिग भी शामिल है। पुलिस के अनुसार आरोपी अपने शौक पूरे करने और ऐशो-आराम की जिंदगी जीने के लिए चोरी की घटनाएं करते थे।

पुलिस ने धनवंतरी नगर निवासी शिवांशु जैन (19) और मैहर निवासी अभय सिंह कोर्टे (21) को गिरफ्तार किया है, जबकि उनके 17 वर्षीय साथी को भी हिरासत में लिया गया है। पूछताछ में आरोपियों ने जबलपुर के साथ-साथ कटनी में भी चोरी की वारदातें करना स्वीकार किया है।

सूने मकान में चोरी के बाद पुलिस के हत्थे चढ़े

पुलिस के मुताबिक धनवंतरी नगर निवासी होमेंद्र कुमार डेहरिया के सूने मकान में 26 मई को चोरी हुई थी। जांच के दौरान पुलिस ने अंधमूक बायपास के पास दो संदिग्ध युवकों को पकड़कर पूछताछ की। पूछताछ में उन्होंने अपने नाबालिग साथी के साथ मिलकर चोरी की वारदातों को अंजाम देने की बात कबूल कर ली।

चोरी के जेवर गिरवी रखकर लिया लोन

पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ कि शिवांशु जैन ने कटनी से चोरी किए गए सोने के कंगन को एक फाइनेंस कंपनी में गिरवी रखकर करीब एक लाख रुपये का लोन लिया और पूरी रकम खर्च कर दी।

वहीं अभय सिंह ने अपने हिस्से के सोने-चांदी के जेवर एक सराफा व्यापारी को बेचकर लगभग 1.45 लाख रुपये हासिल किए। इनमें से 60 हजार रुपये डाउन पेमेंट के रूप में देकर करीब ढाई लाख रुपये की मोटरसाइकिल फाइनेंस कराई, जबकि शेष राशि खर्च कर दी।

जेवर, गणेश प्रतिमा और बाइक जब्त

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सोने-चांदी के आभूषण, चांदी की गणेश प्रतिमा, चांदी के सिक्के, गिरवी रखे गए जेवरों की रसीदें तथा चोरी के पैसों से खरीदी गई मोटरसाइकिल बरामद कर जब्त कर ली है। पुलिस आरोपियों से अन्य चोरी की घटनाओं के संबंध में भी पूछताछ कर रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
akhbaar update
akhbaar update