akhbaar update

बैंक कर्मचारी पर महिला के नाम से फर्जी खाता और क्रेडिट कार्ड जारी कराने का आरोप, धोखाधड़ी का मामला दर्ज

 


जबलपुर। बैंक खाता खुलवाने के नाम पर एक महिला के साथ कथित धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। पुलिस ने एक्सिस बैंक की नेपियर टाउन शाखा में कार्यरत मोनाली सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोप है कि महिला के दस्तावेज लेकर उनके नाम से खाता और क्रेडिट कार्ड जारी कर वित्तीय लेन-देन किए गए।

पुलिस के अनुसार साकार नगर कॉलोनी निवासी पूनम तिवारी के पड़ोस में रहने वाली मोनाली सिंह कुछ माह पहले उनके घर पहुंची थीं। उन्होंने बैंक खाता खुलवाने के लिए आधार कार्ड, पैन कार्ड, फोटो सहित अन्य दस्तावेज लिए थे। इसके बाद पूनम को खाते से संबंधित कोई दस्तावेज या जानकारी नहीं दी गई।

रिकवरी एजेंट के पहुंचने पर हुआ खुलासा

मामले का खुलासा तब हुआ जब 2 मई को बैंक की रिकवरी एजेंट पूनम तिवारी के घर पहुंची और उनके नाम पर जारी क्रेडिट कार्डों के बकाया भुगतान की मांग की। इसके बाद पूनम को पहली बार पता चला कि उनके नाम से खाते और क्रेडिट कार्ड जारी किए गए हैं।

लाखों रुपये की देनदारी निकली

जांच में सामने आया कि पूनम तिवारी के नाम पर किए गए कथित वित्तीय लेन-देन के कारण उन पर 2 लाख 49 हजार 679 रुपये, 29 हजार 768 रुपये और 4 हजार 651 रुपये की देनदारी दर्शाई गई। पुलिस के अनुसार यह सभी लेन-देन उनकी जानकारी और अनुमति के बिना हुए। मामले में लगभग 84 हजार 100 रुपये की आर्थिक क्षति होने की बात भी सामने आई है।

बैंक अधिकारियों की भूमिका भी जांच के दायरे में

पूनम तिवारी ने पहले बैंक प्रबंधन से शिकायत की थी और बताया था कि उनकी जानकारी के बिना खाते में लेन-देन किए गए तथा क्रेडिट कार्ड जारी कर उपयोग किया गया। आरोप है कि बैंक स्तर पर कार्रवाई नहीं होने के बाद मामला पुलिस तक पहुंचा।

ओटीपी और मोबाइल नंबर के दुरुपयोग की आशंका

प्रारंभिक जांच में पता चला है कि खाता खोलने के लिए उपयोग किए गए मोबाइल नंबर और ईमेल आईडी पूनम तिवारी के नहीं थे। साथ ही खाते में उनके पते के साथ आरोपी बैंक कर्मचारी का पता भी दर्ज पाया गया। पुलिस को आशंका है कि ओटीपी सत्यापन और दस्तावेजों का दुरुपयोग कर सुनियोजित तरीके से धोखाधड़ी की गई। मामले में बैंक अधिकारियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
akhbaar update
akhbaar update