जबलपुर। शक्ति भवन स्थित तरंग ऑडिटोरियम में शनिवार शाम ‘हमारे राम’ कार्यक्रम के मंचन के दौरान अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। शॉर्ट सर्किट के कारण लगी आग के चलते बिजली आपूर्ति बाधित हो गई और पूरा ऑडिटोरियम अंधेरे में डूब गया। घटना के समय बड़ी संख्या में दर्शक और कलाकार मौजूद थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार शाम करीब 7 बजे ग्रीन रूम के पास शॉर्ट सर्किट हुआ, जिसके बाद आग लग गई। देखते ही देखते धुआं पूरे क्षेत्र में फैल गया। धुआं और अंधेरा छाने से दर्शकों में घबराहट फैल गई और लोग सीटें छोड़कर बाहर की ओर निकलने लगे।
मोबाइल टॉर्च की रोशनी में निकाले गए कलाकार
आग लगने के बाद आयोजकों ने मोबाइल फोन की टॉर्च की मदद से प्रसिद्ध अभिनेता आशुतोष राणा सहित कार्यक्रम में शामिल अन्य कलाकारों और सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकाला। सूचना मिलते ही नगर निगम की फायर ब्रिगेड को भी बुलाया गया।
अग्नि सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि ऑडिटोरियम में आग से बचाव के पर्याप्त इंतजाम नहीं थे। मौजूद अग्निशमन उपकरणों से आग बुझाने की कोशिश की गई, लेकिन सफलता नहीं मिली। बाद में मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने आग पर काबू पाया।
टला बड़ा हादसा
दमकल कर्मियों ने कुछ ही देर में आग बुझा दी, जिससे बड़ा हादसा टल गया। यदि आग तेजी से फैलती तो कार्यक्रम में मौजूद सैकड़ों लोगों की जान खतरे में पड़ सकती थी। घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्थाओं और अग्निशमन इंतजामों को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।