akhbaar update

महाकाल भक्तों को ठगने वाली 11 फर्जी वेबसाइटें बंद, होटल बुकिंग के नाम पर हो रही थी साइबर ठगी

 


उज्जैनबाबा महाकाल के दर्शन के लिए उज्जैन आने वाले श्रद्धालुओं को निशाना बनाकर ठगी करने वाले साइबर अपराधियों पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। महाकाल भक्त निवास, माधव सेवा न्यास और कई प्रतिष्ठित होटलों के नाम से संचालित 11 फर्जी वेबसाइटों को बंद करवा दिया गया है।

पुलिस के अनुसार साइबर ठग इंटरनेट पर नकली वेबसाइटें बनाकर श्रद्धालुओं को कमरा बुक कराने का झांसा देते थे। एडवांस भुगतान लेने के बाद जब श्रद्धालु परिवार सहित उज्जैन पहुंचते थे, तब उन्हें ठगी का पता चलता था। इससे लोगों को आर्थिक नुकसान के साथ मानसिक परेशानी का भी सामना करना पड़ रहा था।


जांच में सामने आए 11 फर्जी लिंक

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर साइबर सेल ने तकनीकी जांच शुरू की। जांच के दौरान 11 फर्जी वेबसाइटें और संदिग्ध लिंक सामने आए। इसके बाद पुलिस मुख्यालय भोपाल के माध्यम से सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम (आईटी एक्ट) के तहत संबंधित कंपनियों को नोटिस भेजकर सभी वेबसाइटों को ब्लॉक कराया गया।

ट्रिप एडवाइजर और जस्टडायल के फर्जी लिंक भी हटाए

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि श्रद्धालुओं को गुमराह करने वाले कई फर्जी लिंक, जो विभिन्न ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर मौजूद थे, उन्हें भी हटवा दिया गया है ताकि भविष्य में लोग ठगी का शिकार न हों।

श्रद्धालुओं के लिए पुलिस की सलाह

पुलिस ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि होटल या भक्त निवास की बुकिंग करते समय केवल अधिकृत वेबसाइटों का ही उपयोग करें। किसी अज्ञात मोबाइल नंबर, सोशल मीडिया विज्ञापन या संदिग्ध लिंक पर भुगतान करने से पहले पूरी जानकारी की पुष्टि अवश्य करें।

यदि कोई व्यक्ति साइबर ठगी का शिकार होता है तो तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर संपर्क करें या राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल पर शिकायत दर्ज करें।

Post a Comment

Previous Post Next Post
akhbaar update
akhbaar update