जबलपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 4 और 5 पर मंगलवार को एक महिला यात्री सीढ़ियों से गिरकर घायल हो गई। घटना उस समय हुई जब कई महिलाएं सीढ़ियां उतर रही थीं। अचानक एक महिला का पैर फिसल गया और वह नीचे गिर गई।
घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और रेलवे स्टाफ तुरंत मौके पर पहुंचे और घायल महिला की मदद की।
प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल भेजा
जानकारी के अनुसार घायल महिला की पहचान अंजली तिवारी (करीब 30 वर्ष) के रूप में हुई है। आरपीएफ एएसआई धीरज की सूचना पर इमरजेंसी मेडिकल रिस्पांस (EMR) टीम की सदस्य अनीता मौके पर पहुंचीं और महिला को प्राथमिक उपचार दिया।
बताया गया है कि महिला अपने साथ मौजूद 6 से 7 अन्य महिलाओं के साथ कटनी जाने वाली थीं।
व्हीलचेयर से पहुंचाया एम्बुलेंस तक
महिला की हालत को देखते हुए रेलवे स्टाफ ने उन्हें अस्पताल ले जाने की सलाह दी। इसके बाद व्हीलचेयर की मदद से महिला को सुरक्षित एम्बुलेंस तक पहुंचाया गया और परिजनों के अनुरोध पर आगे के इलाज के लिए जामदार अस्पताल भेजा गया।
रेलवे प्रशासन द्वारा समय पर दी गई सहायता और संवेदनशीलता की यात्रियों ने सराहना की।