जबलपुर - सिहोरा थाना क्षेत्र में शराब के नशे में एक युवक ने अपनी ही मां की हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि युवक अपनी पत्नी के साथ मारपीट कर रहा था। बीच-बचाव करने पहुंची मां को उसने टेबल फैन से हमला कर मौत के घाट उतार दिया। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया।
यह घटना सिहोरा के वार्ड नंबर-7 स्थित गढ़िया मोहल्ले की है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए सिहोरा स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया।
देर रात पत्नी से हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार आरोपी करण कोल प्राइवेट नौकरी करता है। सोमवार रात करीब 2 बजे वह शराब के नशे में घर पहुंचा और पत्नी कांति बाई से खाना बनाने को कहा। पत्नी ने देर रात होने की बात कहकर मना किया तो दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया।
विवाद बढ़ने पर करण पत्नी के साथ मारपीट करने लगा। शोर सुनकर पास के कमरे में सो रही उसकी मां गिरानी बाई कोल बाहर आईं और बेटे को समझाने लगीं।
मां पर टेबल फैन से किया हमला
मां के समझाने पर भी करण शांत नहीं हुआ। आरोप है कि गुस्से में उसने पास में रखा टेबल फैन उठाकर मां के सिर पर हमला कर दिया। इसके बाद भी वह लगातार मारपीट करता रहा। हमले में गिरानी बाई के सिर, हाथ और सीने में गंभीर चोटें आईं।
पत्नी ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, लेकिन आरोपी ने उसके साथ भी मारपीट की। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
मृतका के बड़े बेटे दशरथ को घटना की जानकारी दी गई। वह मौके पर पहुंचा और घायल मां को अस्पताल ले गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
एएसपी सूर्यकांत शर्मा ने बताया कि आरोपी की तलाश के लिए पुलिस टीम गठित की गई है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।