जबलपुर में पेट्रोल और डीजल की लगातार बढ़ती कीमतों के विरोध में शहर युवक कांग्रेस ने सोमवार को अनोखा प्रदर्शन किया। कैंट विधानसभा क्षेत्र के सदर पेट्रोल पंप के पास युवक कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने दोपहिया वाहनों को श्रद्धांजलि अर्पित कर विरोध जताया।
यह प्रदर्शन युवक कांग्रेस के जबलपुर उपाध्यक्ष राहुल रजक के नेतृत्व में किया गया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं का कहना है कि पिछले दो सप्ताह में पेट्रोल के दामों में 8 रुपये से ज्यादा की बढ़ोतरी हुई है, जिससे आम लोगों पर आर्थिक बोझ बढ़ गया है।
दोपहिया वाहनों को दी श्रद्धांजलि
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने दोपहिया वाहनों को प्रतीकात्मक रूप से श्रद्धांजलि दी। उनका कहना था कि लगातार बढ़ती ईंधन कीमतों के कारण आम आदमी के लिए वाहन चलाना मुश्किल होता जा रहा है।
सरकार से कीमतें नियंत्रित करने की मांग
युवा कांग्रेस नेता राहुल रजक ने कहा कि पेट्रोल की बढ़ती कीमतों का असर दैनिक जीवन और छोटे व्यापारियों पर पड़ रहा है। उन्होंने सरकार से ईंधन की कीमतों में स्थिरता लाने और आम जनता की परेशानियों को गंभीरता से लेने की मांग की।
प्रदर्शन में सौरभ गौतम, रिजवान अली, पवन कनौजिया, विजय पांडेय, सोनू सुंदरानी, रवि खत्री और मनीष विश्वकर्मा सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।