जबलपुर - रांझी स्थित बड़ा पत्थर क्षेत्र में नई शराब दुकान खोले जाने को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ गई है। क्षेत्रीय नागरिकों और कैंट विधायक अशोक ईश्वरदास रोहाणी के समर्थकों ने दुकान के खिलाफ विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया है।
जानकारी के अनुसार इस शराब दुकान का स्थानीय लोग लंबे समय से विरोध कर रहे थे। विरोध के बाद विधायक के हस्तक्षेप पर दुकान को पहले वाले स्थान से हटाया गया था। आरोप है कि इसके बाद शराब ठेकेदारों ने रातों-रात दुकान को उसी इलाके के दूसरे हिस्से में शिफ्ट कर दिया।
सुबह होते ही शुरू हुआ विरोध
जैसे ही स्थानीय लोगों और भाजपा कार्यकर्ताओं को दुकान शिफ्ट किए जाने की जानकारी मिली, क्षेत्र में आक्रोश फैल गया। विधायक के निर्देश पर भाजपा कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।
“किसी भी कीमत पर दुकान नहीं खुलने देंगे”
प्रदर्शन कर रहे भाजपा पार्षद दामोदर सोनी ने कहा कि क्षेत्र में शराब दुकान खुलने से महिलाओं और आम लोगों को परेशानी होगी। उन्होंने चेतावनी दी कि किसी भी कीमत पर बड़ा पत्थर क्षेत्र में शराब दुकान संचालित नहीं होने दी जाएगी।
फिलहाल प्रदर्शनकारी दुकान के सामने डटे हुए हैं। उनका कहना है कि जब तक दुकान को पूरी तरह हटाया नहीं जाता, तब तक विरोध जारी रहेगा।