जबलपुर। ट्रेनों में बढ़ती चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए जीआरपी जबलपुर लगातार अभियान चला रही है। इसी कड़ी में रविवार 3 मई को रेलवे स्टेशन पर विशेष चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध को पकड़ा गया।
प्लेटफॉर्म पर दबोचा गया आरोपी
जानकारी के अनुसार, जबलपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-6 के इटारसी छोर पर पुलिस टीम ने संदिग्ध विवेक वैद्य, निवासी जालपा वार्ड कटनी को हिरासत में लिया।
11 महीने पुरानी चोरी कबूली
थाने में पूछताछ के दौरान आरोपी ने करीब 11 माह पहले ट्रेन नंबर 09066 हमसफर एक्सप्रेस के स्लीपर कोच से एक पिट्ठू बैग चोरी करना स्वीकार किया। बैग में सोने-चांदी के जेवर, दो मोबाइल और जरूरी दस्तावेज रखे थे।
ढाई लाख का सामान बरामद
आरोपी के कब्जे से एक सोने का मंगलसूत्र, चेन, दो बालियां, एक लाकेट और चांदी की पायल बरामद की गई है। बरामद मशरूका की कुल कीमत करीब ढाई लाख रुपए बताई जा रही है।
बेचने आया था जबलपुर
आरोपी ने बताया कि वह चोरी के जेवर बेचने के लिए जबलपुर आया था, लेकिन खरीदार नहीं मिलने पर उन्हें वापस कटनी ले जा रहा था। फिलहाल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।