जबलपुर। मध्यप्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी के जबलपुर मुख्यालय स्थित प्लानिंग एवं डिजाइन विंग के इंजीनियरों ने इंदौर मेट्रो परियोजना के लिए अहम तकनीकी उपलब्धि हासिल की है। इंदौर के मांगलिया स्थित 220 केवी सबस्टेशन पर 200 एमवीए क्षमता का नया पावर ट्रांसफार्मर सफलतापूर्वक ऊर्जीकृत किया गया है।
घनी आबादी में बड़ी तकनीकी चुनौती
इंदौर जैसे व्यस्त और घनी आबादी वाले शहर में विद्युत अधोसंरचना विकसित करना चुनौतीपूर्ण था। सीमित जगह के बावजूद इंजीनियरों ने सूझबूझ से काम लेते हुए ट्रांसफार्मर और दो फीडरों के लिए उपयुक्त स्थान का चयन किया।
मेट्रो को मिलेगी स्थिर बिजली आपूर्ति
इस कार्य के पूरा होने से इंदौर मेट्रो रेल परियोजना को स्थिर और निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित होगी, खासतौर पर मांगलिया से खजराना मेट्रो स्टेशन तक।
ऊर्जा मंत्री ने दी बधाई
प्रदेश के ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने इंजीनियरों की तकनीकी दक्षता और समर्पण की सराहना करते हुए पूरी टीम को इस उपलब्धि के लिए बधाई दी है। उन्होंने कहा कि यह कार्य मेट्रो परियोजना के लिए बिजली व्यवस्था को और मजबूत बनाएगा।