मध्य प्रदेश - रतलाम में रविवार (3 मई) रात बारात के दौरान मामूली विवाद ने दोहरे हत्याकांड का रूप ले लिया। ओल्ड रेलवे कॉलोनी में हुए इस विवाद में चाकूबाजी से दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल है।
घोड़ी पर चढ़ने को लेकर शुरू हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार, लक्ष्मणपुरा क्षेत्र में बारात निकाली जा रही थी। दूल्हे के घोड़ी से उतरने के बाद कुछ युवकों के बीच घोड़ी पर चढ़ने को लेकर कहासुनी हुई। यह विवाद बढ़ते-बढ़ते ओल्ड रेलवे कॉलोनी तक पहुंच गया, जहां आरोपियों ने चाकू से हमला कर दिया।
अस्पताल में दो की मौत
हमले में आनंद और शाहबाज गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। वहीं पीयूष नामक युवक घायल है और उसका इलाज जारी है।
आरोपी भी घायल, पुलिस ने किया गिरफ्तार
घटना के बाद जीआरपी थाना रतलाम ने मामला दर्ज कर आरोपियों रोहित खंडकर और मुन्ना खंडकर को हिरासत में ले लिया है। दोनों आरोपी भी घटना में घायल हुए हैं और उनका इलाज मेडिकल कॉलेज में चल रहा है।
जांच जारी
एडिशनल एसपी रेलवे हेमंत चौहान ने बताया कि रात करीब 11:30 बजे विवाद हुआ था। फिलहाल पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।