जबलपुर - कटंगी बायपास चौराहा के पास स्थित यूनिटी वेयरहाउस पार्क में भीषण आग लग गई, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया। सूचना मिलते ही दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का प्रयास जारी है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग की शुरुआत एक डिलीवरी वेयरहाउस से हुई, जो तेजी से फैलते हुए आसपास के अन्य गोदामों तक पहुंच गई। आग की चपेट में Reliance Fresh और Britannia के वेयरहाउस भी आ गए हैं।
बताया जा रहा है कि गोदामों के अंदर बड़ी मात्रा में ज्वलनशील सामग्री रखी हुई थी, जिसके कारण लगातार विस्फोट जैसी आवाजें सुनाई दे रही हैं। इससे आग और तेजी से फैल रही है और हालात लगातार गंभीर होते जा रहे हैं।
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। प्रशासन और दमकल विभाग की टीमें मौके पर मौजूद हैं और आग पर काबू पाने की कोशिश जारी है।