जबलपुर - कटंगी बायपास चौराहा के पास स्थित यूनिटी वेयरहाउस पार्क में लगी भीषण आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया। आग इतनी तेजी से फैली कि आसपास के कई बड़े गोदाम इसकी चपेट में आ गए। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का प्रयास लगातार जारी है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आग की शुरुआत एक डिलीवरी वेयरहाउस से हुई थी। कुछ ही समय में यह आग फैलकर Reliance Fresh और Britannia के वेयरहाउस तक पहुंच गई। गोदामों में रखे भारी मात्रा में ज्वलनशील सामान के कारण आग और तेजी से भड़क गई, जिससे स्थिति पर काबू पाना मुश्किल होता जा रहा है।
घटनास्थल से लगातार धमाके जैसी आवाजें भी सुनाई दे रही हैं। बताया जा रहा है कि अंदर रखे पैकिंग मटेरियल और अन्य ज्वलनशील वस्तुओं के कारण छोटे-छोटे विस्फोट हो रहे हैं, जिससे आग और भयंकर होती जा रही है। आसपास के इलाके में दहशत का माहौल है और लोग सुरक्षित दूरी पर खड़े होकर हालात देख रहे हैं।
प्रशासन, पुलिस और दमकल की टीम मौके पर मौजूद है। आग पर काबू पाने के लिए लगातार पानी की बौछार की जा रही है और आसपास के क्षेत्रों को खाली कराया जा रहा है ताकि किसी तरह की जनहानि न हो। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है, लेकिन शुरुआती तौर पर शॉर्ट सर्किट या लापरवाही की आशंका जताई जा रही है।
अधिकारियों का कहना है कि आग पूरी तरह बुझने के बाद ही नुकसान का सही आंकलन किया जा सकेगा। फिलहाल प्राथमिकता आग को फैलने से रोकने और स्थिति को नियंत्रण में लाने की है।