akhbaar update

बंद पुलिस चौकी में कॉन्स्टेबल का शव मिला, जांच में जुटी पुलिस

 



छतरपुर - नौगांव बस स्टैंड स्थित बंद पड़ी पुलिस चौकी में शुक्रवार सुबह एक कॉन्स्टेबल का शव फांसी के फंदे पर लटका मिला। घटना के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया।

मृतक की पहचान तरुण गंधर्व के रूप में हुई है। उनकी उम्र करीब 35 से 40 वर्ष बताई जा रही है। वह मूल रूप से सागर जिले के रहने वाले थे और वर्तमान में नौगांव थाने में पदस्थ थे।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने चौकी को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू की। शव को फंदे से नीचे उतारकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। वहीं एफएसएल टीम ने भी मौके पर पहुंचकर जांच की।

अमित मेश्राम ने बताया कि शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का लग रहा है। हालांकि मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। उन्होंने कहा कि संभव है कॉन्स्टेबल किसी तनाव में हो।

पुलिस के अनुसार, तरुण गंधर्व गहरौली रोड पर अपनी पत्नी और छोटी बच्ची के साथ रहते थे। घटना के समय उनकी थाने या चौकी में कोई ड्यूटी नहीं थी। उनका शव सिविल ड्रेस में मिला है।

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि वह बंद पड़ी चौकी तक कैसे पहुंचे और घटना के पीछे की असली वजह क्या थी। मामले की जांच जारी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
akhbaar update
akhbaar update