जबलपुर - रानीताल स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में संचालित रानीताल बल्ली क्रिकेट एकेडमी के कोच बल्ली सोनकर पर सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और अवैध कब्जे के आरोप लगे हैं। इस मामले को लेकर अन्य क्रिकेट एकेडमी संचालकों ने खेल विभाग के अधिकारियों को शिकायत पत्र सौंपा है।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि खेल परिसर की सरकारी संपत्ति में तोड़फोड़ की जा रही है और कब्जा करने की नीयत से नुकसान पहुंचाया जा रहा है। शिकायतकर्ताओं का दावा है कि इन घटनाओं के फुटेज परिसर में लगे सरकारी कैमरों में भी कैद हैं।
एकेडमी संचालकों ने यह भी आरोप लगाया कि पिछले 12 से 15 वर्षों से यहां संचालित अन्य क्रिकेट एकेडमियों के संचालकों को जान से मारने की धमकी दी जा रही है। साथ ही खेल गतिविधियों में बाधा डालने और अधिकारियों के साथ अभद्र व्यवहार करने की बात भी कही गई है।
एमएच क्रिकेट एकेडमी, जेपी क्रिकेट एकेडमी और जाबाली क्रिकेट एकेडमी के संचालकों ने मामले की उच्च स्तरीय जांच की मांग की है।
शिकायत की प्रतिलिपि खेल मंत्री, लोक निर्माण मंत्री, क्षेत्रीय विधायक, संभागीय अधिकारियों और कलेक्टर को भी भेजी गई है। संचालकों ने मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि खिलाड़ियों को सुरक्षित माहौल मिल सके।