जबलपुर - कोतवाली थाना क्षेत्र में देर रात मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि दो लोगों ने पिता-पुत्र पर हमला कर गंभीर चोट पहुंचाई और जान से मारने की धमकी दी।
दुकान बंद कर घर लौटते समय हुआ विवाद
पीड़ित विशाल चौरसिया (50), निवासी बड़ा चौगान, ने पुलिस को बताया कि 3 मई 2026 की रात करीब 12:15 बजे वह सराफा चौक के पास अपनी पान दुकान बंद कर बेटे अक्षय (16) के साथ घर लौट रहे थे। जैसे ही वे हनुमान लस्सी वाली गली, बड़ा चौगान के पास पहुंचे, वहां अरविंद जैन किसी बात को लेकर विवाद कर रहा था। पिता-पुत्र वहां रुककर देखने लगे, तभी अरविंद जैन उनके पास आया और गाली-गलौज करने लगा।
लोहे की रॉड से किया हमला
आरोप है कि अरविंद जैन ने लोहे की रॉड से विशाल चौरसिया के सिर पर वार कर दिया, जिससे उनके सिर से खून बहने लगा। इसी दौरान उसका भाई अनिल जैन भी मौके पर पहुंच गया और दोनों ने मिलकर पिता-पुत्र के साथ मारपीट की।
बीच-बचाव के बाद दी धमकी
मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। जाते-जाते आरोपियों ने धमकी दी कि अगली बार जान से खत्म कर देंगे।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मारपीट, गाली-गलौज और धमकी देने सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।