जबलपुर - माढ़ोतल थाना क्षेत्र में बिजली विभाग के सब-स्टेशन में घुसकर कर्मचारियों से मारपीट और तोड़फोड़ का मामला सामने आया है।
रात में ड्यूटी के दौरान हुआ हमला
शिकायतकर्ता संतोष कुमार (35), सहायक अभियंता, म.प्र. विद्युत वितरण कंपनी ने बताया कि 1 मई 2026 की रात करीब 11 बजे माढ़ोतल सब-स्टेशन में सुधार कार्य चल रहा था, जिसके कारण बिजली सप्लाई बंद थी। उस समय ऑपरेटर दीपक सोनी, लाइनमैन भागचंद यादव और ऑपरेटर राहुल वर्मा ड्यूटी पर मौजूद थे।
इसी दौरान अंकित साहू और राजेश यादव अपने साथियों के साथ पहुंचे और सीधे कार्यालय में घुस गए। उन्होंने बिजली बंद होने को लेकर गाली-गलौज शुरू कर दी और ऑपरेटर दीपक सोनी के साथ मारपीट करने लगे।
तोड़फोड़ और धमकी
हमलावरों ने कार्यालय में रखे कंप्यूटर का CPU और मॉनिटर तोड़ दिया। साथ ही धमकी दी कि अगर तुरंत बिजली चालू नहीं की गई तो पूरा सब-स्टेशन जला देंगे।
कर्मचारियों को पीटा, एक को ले जाकर फिर मारा
मारपीट में दीपक सोनी के हाथ, सिर और पीठ में चोट आई। बीच-बचाव करने आए लाइनमैन भागचंद यादव और राहुल वर्मा के साथ भी मारपीट की गई। इसके बाद आरोपियों ने दीपक सोनी को जबरन बाइक पर बैठाकर दूसरे सब-स्टेशन ले जाकर वहां भी पीटा।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
घटना के बाद 2 मई को शिकायत दर्ज कराई गई। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मारपीट, तोड़फोड़ और शासकीय कार्य में बाधा डालने का मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है।