जबलपुर - मदन महल थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां अज्ञात व्यक्ति ने घर में आग लगाकर परिवार को जिंदा जलाने की कोशिश की। पुलिस ने इस मामले में हत्या के प्रयास का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
रात में सोते समय हुआ हमला
पीड़ित युवक रुद्राक्ष बान (20), निवासी मदन महल स्टेशन रोड, ने पुलिस को बताया कि 3 मई 2026 की रात करीब 3:30 बजे वह अपने छोटे भाई शिवांश और मां के साथ घर में सो रहा था। तभी अचानक कमरे की छत पर आग लग गई और जलती हुई सामग्री नीचे गिरने लगी।
इस हादसे में छोटे भाई शिवांश के पेट, हाथ, सीने, पीठ और सिर के बाल झुलस गए।
छत पर मिली ज्वलनशील पदार्थ की बोतल
परिवार और घर में मौजूद अन्य लोगों ने किसी तरह आग बुझाई। आग बुझने के बाद छत और कमरे में हरे रंग की बोतल के अवशेष मिले। इससे आशंका जताई जा रही है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने ज्वलनशील पदार्थ डालकर बोतल के जरिए घर की छत पर फेंककर आग लगाई।
घर का सामान जलकर खाक
आग में कपड़े, बिस्तर, कंबल, फोटो सहित घर का काफी सामान जलकर राख हो गया। घायल शिवांश को तुरंत मोहन्लाल हरगोविंद दास अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है और आरोपी की तलाश जारी है।