जबलपुर। अधारताल क्षेत्र की इको सिटी में पिछले महीने बिजली कर्मचारी रंजीत कोरी की हुई मौत के मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने तस्वीर साफ कर दी है। रिपोर्ट में खुलासा हुआ है कि उनकी मौत करंट लगने से नहीं, बल्कि पोल से गिरने के बाद सिर में आई गंभीर चोट और शरीर में हुए फ्रैक्चर के कारण हुई थी।
जानकारी के अनुसार, घटना के दिन रंजीत कोरी ट्रांसफार्मर की एलटी केबल सुधारने के लिए करीब 10 फीट ऊंचे बिजली पोल पर चढ़े थे। सुरक्षा के तहत पहले ही बिजली सप्लाई बंद कर दी गई थी। काम के दौरान अचानक संतुलन बिगड़ने से वे नीचे कंक्रीट सड़क पर गिर पड़े। गंभीर चोट लगने के बाद उन्हें अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद विभाग ने स्पष्ट किया है कि उस समय लाइन पूरी तरह बंद थी, इसलिए करंट लगने की संभावना नहीं थी। मेडिकल जांच में सिर की अंदरूनी चोट और कई फ्रैक्चर मौत का कारण बताए गए हैं।
घटना के बाद बिजली विभाग ने मृतक के परिवार को राहत देने के लिए त्वरित कार्रवाई की। विभाग ने रंजीत कोरी के पुत्र विवेक कोरी को नौकरी देने की प्रक्रिया कुछ ही दिनों में पूरी कर नियुक्ति पत्र सौंप दिया।
अधीक्षक अभियंता संजय अरोरा ने कहा कि परिवार को मिलने वाले सभी शासकीय और विभागीय लाभ जारी रहेंगे। साथ ही भविष्य में ऐसे हादसों से बचाव के लिए ऊंचाई पर काम करने वाले कर्मचारियों के लिए सुरक्षा बेल्ट और अन्य सुरक्षा उपकरणों के अनिवार्य उपयोग पर जोर दिया गया है।