akhbaar update

भिटोनी स्टेशन पर मॉक ड्रिल: आग लगने की सूचना पर 30 मिनट में हालात काबू

 


जबलपुर। यात्रियों और रेलवे संपत्तियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जबलपुर रेल मंडल के भिटोनी स्टेशन पर बुधवार 6 मई को अग्निशमन मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। इस दौरान आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई और समन्वय की क्षमता को परखा गया।

जानकारी के अनुसार, शाम 4:56 बजे ट्रेन संख्या पीएलबीजी के एक टैंकर वैगन में आग लगने की काल्पनिक सूचना दी गई। सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन, स्टेशन स्टाफ और संबंधित विभाग तुरंत सक्रिय हो गए। तेजी से कार्रवाई करते हुए शाम 5:20 बजे आग पर काबू पा लिया गया और 5:25 बजे प्रभावित वैगन को सुरक्षित रूप से अलग कर दिया गया। इसके बाद 5:45 बजे पूरे घटनाक्रम को मॉक ड्रिल घोषित किया गया।

इस अभ्यास में रेलवे के विभिन्न विभागों के साथ स्थानीय गैस प्लांट और नगर निगम की टीमों ने भी सहयोग किया। फायर ब्रिगेड ने मौके पर पहुंचकर उच्च दबाव से पानी का छिड़काव कर आग बुझाने का प्रदर्शन किया।

ड्रिल के दौरान पुलिस, आरपीएफ और जीआरपी ने सुरक्षा व्यवस्था संभाली और भीड़ नियंत्रण किया। वहीं स्टेशन स्टाफ ने अग्निशमन उपकरणों का उपयोग करते हुए तत्परता दिखाई। वरिष्ठ अधिकारियों ने कंट्रोल रूम से पूरे घटनाक्रम की निगरानी की।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार, इस तरह की मॉक ड्रिल का उद्देश्य आपदा की स्थिति में त्वरित और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करना है। इस अभ्यास में सभी विभागों के बीच बेहतर तालमेल देखने को मिला।

Post a Comment

Previous Post Next Post
akhbaar update
akhbaar update