जबलपुर। ईद-उल-जुहा पर्व को लेकर जबलपुर पुलिस द्वारा शहर में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है। पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के मार्गदर्शन में शहर के संवेदनशील इलाकों में विशेष पुलिस बल तैनात किया गया है।
बुधवार सुबह पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय ने ओमती, लार्डगंज, गोहलपुर, हनुमानताल और बेलबाग थाना क्षेत्रों का दौरा कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों से बातचीत की और उनकी हौसला अफजाई की।
एसपी ने सभी पुलिस अधिकारियों और जवानों को सतर्कता के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि त्योहार के दौरान शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि ईद-उल-जुहा को देखते हुए शहर के प्रमुख इलाकों, मस्जिदों और ईदगाहों के आसपास अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है, ताकि पर्व शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो सके।