जबलपुर। बरेला थाना क्षेत्र के ग्राम सरोरा स्थित निसर्ग रिसॉर्ट (वॉटर फॉल) में करंट लगने से युवक की मौत के मामले में पुलिस ने रिसॉर्ट संचालक और कर्मचारी के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार 24 मई 2026 को साजन विश्वकर्मा अपने दोस्तों और रिश्तेदारों के साथ निसर्ग रिसॉर्ट में नहाने गया था। सभी लोग स्विमिंग पूल में नहा रहे थे। इसी दौरान साजन दूसरे पूल में जाने के लिए वहां लगे लोहे के पाइप को पकड़कर आगे बढ़ा। पाइप में बिजली का करंट उतर रहा था, जिससे उसे जोरदार झटका लगा और वह बेहोश होकर वहीं गिर पड़ा।
साथियों ने किसी तरह उसे पाइप से अलग किया और तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जांच में सामने आया कि पूल के पास बिजली के कटे हुए तार खुले पड़े थे और लोहे के पाइप में करंट आ रहा था। वहां मौजूद लोगों ने पहले भी रिसॉर्ट कर्मचारियों को करंट आने की जानकारी दी थी, लेकिन इसके बाद भी सुधार नहीं कराया गया।
परिजनों का आरोप है कि हादसे के बाद भी रिसॉर्ट प्रबंधन ने कोई मदद नहीं की और घायल युवक को इलाज के लिए खुद अस्पताल ले जाना पड़ा।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी युवक की मौत करंट लगने से होना सामने आया है। इसके बाद पुलिस ने रिसॉर्ट मालिक विवेक त्रिपाठी, मैनेजर मनीष पटेल और कर्मचारी नीलेश कुमार कुर्मी के खिलाफ मामला दर्ज किया। पुलिस ने रिसॉर्ट मालिक विवेक त्रिपाठी और कर्मचारी नीलेश कुमार कुर्मी को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की जांच जारी है।