जबलपुर। हनुमानताल थाना क्षेत्र के करिया पाथर इलाके में एक युवक पर चाकू से हमला करने का मामला सामने आया है। आरोपी ने पहले युवक से शराब पीने के लिए 500 रुपए मांगे और पैसे नहीं देने पर उस पर हमला कर दिया।
पुलिस के अनुसार करिया पाथर स्कूल के पीछे रहने वाले रोहित सोनकर (31) ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है। रोहित ने बताया कि वह रात करीब 9:30 बजे करिया पाथर स्कूल गेट के पास खड़ा था। तभी इलाके का रहने वाला अमित अहिरवार वहां पहुंचा और उसके भाई राहुल के बारे में पूछने लगा।
रोहित ने कहा कि उसे राहुल के बारे में जानकारी नहीं है। इसी बात पर आरोपी विवाद करने लगा और शराब पीने के लिए 500 रुपए मांगने लगा। जब रोहित ने पैसे देने से मना किया तो आरोपी गाली-गलौज करने लगा।
विरोध करने पर अमित अहिरवार ने अपने पास रखा चाकू निकाला और रोहित के चेहरे पर हमला कर दिया। हमले में रोहित गंभीर रूप से घायल हो गया और उसके चेहरे से खून बहने लगा।
शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से फरार हो गया। घायल युवक को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।