जबलपुर। कैंट थाना क्षेत्र में एक व्यापारी से करीब 2 लाख 90 हजार रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। पुलिस ने हरियाणा के सोनीपत स्थित एवर होम एप्लाइंसेस कंपनी के संचालक ऋषभ जौहर के खिलाफ धोखाधड़ी का प्रकरण दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार सदर क्षेत्र निवासी व्यापारी सौरभ मुक्ता इलेक्ट्रॉनिक्स का कारोबार करते हैं। उनकी मुलाकात विजय नगर निवासी रूपेंद्र श्रीवास्तव से हुई थी, जिसने खुद को कंपनी का रीजनल मैनेजर बताया। आरोपी ने कंपनी से एलईडी टीवी सप्लाई कराने का भरोसा दिलाया और ऑफर लेटर भेजकर व्यापारी को अपने झांसे में ले लिया।
इसके बाद सौरभ मुक्ता ने एलईडी टीवी मंगाने के लिए कंपनी के खाते में 2 लाख 90 हजार रुपए जमा कर दिए। रकम जमा होने के बाद न तो टीवी भेजे गए और न ही पैसे वापस किए गए। जब व्यापारी ने कंपनी संचालक और कथित मैनेजर से संपर्क करने की कोशिश की तो दोनों ने फोन उठाना बंद कर दिया। परेशान होकर पीड़ित व्यापारी ने कैंट थाने में शिकायत दर्ज कराई।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि इसी कंपनी ने जबलपुर के एक अन्य व्यापारी को भी ठगी का शिकार बनाया है। ओमती थाना क्षेत्र के तुलाराम चौक निवासी रीतेश जैन ने पहले कंपनी को 47 हजार रुपए भेजे थे, जिसके बदले उन्हें 5 एलईडी टीवी मिले थे। इससे उनका भरोसा बढ़ गया। बाद में उन्होंने 6 मई को कंपनी को 2 लाख 16 हजार रुपए और भेज दिए, लेकिन इसके बाद कंपनी ने माल नहीं भेजा और फोन बंद कर दिए।
पुलिस का कहना है कि दोनों मामलों की जांच संयुक्त रूप से की जा रही है। कंपनी के बैंक खातों और लेनदेन की जानकारी खंगाली जा रही है। पुलिस आरोपियों तक पहुंचने के लिए हरियाणा कनेक्शन की भी जांच कर रही है।
कैंट और ओमती थाना पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और पीड़ित व्यापारियों की रकम वापस दिलाने का प्रयास किया जाएगा।