जबलपुर। अधारताल थाना पुलिस ने अवैध शराब बेचने वाले एक युवक को बड़ी मात्रा में देशी शराब के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के पास से कुल 318 पाव देशी शराब जप्त की है, जिसकी कीमत करीब 23 हजार 850 रुपए बताई गई है।
पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर जिले में अवैध शराब बेचने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के तहत अधारताल पुलिस को सूचना मिली थी कि गुलशन चक्रवर्ती नाम का युवक शराब बेचने के लिए रिछाई पुल के पास जा रहा है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आरोपी को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उसके बैग से 18 पाव देशी शराब मिली। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने और शराब रिछाई पुल के नीचे छिपाकर रखी है।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर पुल के नीचे दबिश दी, जहां दो बोरियों में 300 पाव देशी शराब रखी मिली। इस तरह कुल 318 पाव शराब जप्त की गई।
पुलिस ने आरोपी गुलशन चक्रवर्ती (24) निवासी पाटन, हाल निवासी खैरी के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ पहले से मारपीट और सट्टा जैसे 26 मामले दर्ज हैं।
इस कार्रवाई में सहायक उप निरीक्षक राकेश बागरी, प्रधान आरक्षक प्रेमलाल और आरक्षक अंकुर मिश्रा की अहम भूमिका रही।